राष्ट्रीय
09-Apr-2026


* 2006 बैच के आईजी ट्रैफिक ने छोड़ी सेवा, भाजपा से टिकट की अटकलें तेज; अरावली जिला पंचायत चुनाव लड़ने की चर्चा अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात में आगामी चुनावों की हलचल के बीच राज्य के पुलिस महकमे से एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। 2006 बैच के आईपीएस अधिकारी मनोज निनामा, जो ट्रैफिक ब्रांच में आईजी के पद पर तैनात थे, ने स्वेच्छा से अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। अहम बात यह है कि चुनावी माहौल के बीच राज्य सरकार ने उनका इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया, जिससे प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार, निनामा ने गोपनीय रूप से भाजपा से टिकट की मांग की है और जल्द ही वे सक्रिय राजनीति में कदम रख सकते हैं। शामलाजी के मूल निवासी निनामा के भाजपा में शामिल होने की अटकलें भी जोर पकड़ रही हैं। जानकारी यह भी मिल रही है कि वे अरावली जिला पंचायत चुनाव में ओड सीट से भाजपा उम्मीदवार के रूप में दावेदारी पेश कर सकते हैं। पार्टी की आगामी सूची में उनका नाम शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। यदि वे स्थानीय चुनाव में जीत हासिल करते हैं, तो भविष्य में उन्हें विधानसभा चुनाव में भी एक मजबूत दावेदार के रूप में उतारा जा सकता है। सतीश/09 अप्रैल