क्षेत्रीय
09-Apr-2026


नवगछिया, (ईएमएस)। बिहार पुलिस ने हत्या और लूट के एक सनसनीखेज मामले का सफल उद्भेदन करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह मामला नवगछिया पुलिस जिला के खरीक थाना क्षेत्र का है, जहां 30 मार्च को एक टोटो चालक की हत्या कर लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वादी राजेश कुमार ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनका पुत्र सिटू कुमार, जो टोटो चलाकर जीविकोपार्जन करता था, शाम के समय टोटो लेकर घर से निकला था लेकिन वापस नहीं लौटा। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने कलवलिया धार से टोटो बरामद किया। इसके बाद सड़क किनारे से सिटू कुमार का शव भी बरामद हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कांड दर्ज कर विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया। गठित टीम ने तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उन्होंने लूटपाट के इरादे से टोटो को रिजर्व किया था। आरोपियों ने सिटू कुमार को तुलसीपुर स्थित केले के बागान में ले जाकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और टोटो की बैटरी एवं मोबाइल लूट लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और लूटी गई बैटरी भी बरामद कर ली है। फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपियों से आगे की पूछताछ जारी है और मामले में अन्य संभावित संलिप्त लोगों की तलाश की जा रही है। संतोष झा-०९ अप्रैल/२०२६/ईएमएस