क्षेत्रीय
09-Apr-2026
...


- मरीज के परिजन पहुंचे चिकित्सालय - 24 घंटे के अंदर घटित हुई दूसरी घटना कोरबा (ईएमएस) सार्वजनिक क्षेत्र के वृहद उपक्रम कोल् इंडिया की अनुसांगिक कंपनी एसईसीएल बिलासपुर के अधीन कोरबा-पश्चिम क्षेत्र में स्थापित एवं संचालित खुले मुहाने की गेवरा कोयला परियोजना अंतर्गत एसईसीएल की मेगा परियोजना कुसमुंडा खदान में 24 घंटे के अंदर दूसरी बड़ी घटना घटित हुई है। बताया जा रहा हैं की एक निजी कंपनी का एक डंपर अनियंत्रित होकर गहरे गड्ढे में गिर गया, जिससे उसका चालक गंभीर घायल हो गया। घायल डंपर चालक की पहचान सोनपुरी निवासी भीम पटेल के रूप में की गयी हैं। घटना घटित होने के तुरंत बाद घटना स्थल पर उपस्थित कर्मचारियों और अधिकारियों ने उसे खदान क्षेत्र से निकालकर चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही घायल चालक के परिजन भी चिकित्सालय पहुंच गए और उसकी स्थिति के बारे में जानकारी ली। यह घटना 24 घंटे के भीतर हुई दूसरी दुर्घटना है। इसी कुसमुंडा खदान क्षेत्र में दो निजी कंपनी के दो डंपर डंप स्लाइड होने के कारण नीचे गिर गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के कारण खदान कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। उन्होंने खदान प्रबंधन से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने मांग की है। 09 अप्रैल / मित्तल