09-Apr-2026
...


-बिहार में नई सरकार के गठन पर आया लेटेस्ट अपडेट नई दिल्ली,(ईएमएस)। बिहार की राजनीति में इन दिनों मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भविष्य और राज्य में नई सरकार के स्वरूप को लेकर गहन चर्चा चल रही है। नीतीश कुमार के दिल्ली पहुंचकर शुक्रवार को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने के साथ ही यह अटकलें तेज हो गई हैं कि वे मुख्यमंत्री के पद से कब इस्तीफा देंगे और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की नई सरकार कब तक आकार लेगी? अब इस संबंध में संभावित तारीखें लगभग फाइनल हो गई हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जेडीयू नेता विजय चौधरी पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि नई सरकार का नेतृत्व भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) करेगी। हालांकि, मुख्यमंत्री के चेहरे पर अभी मुहर नहीं लगी है, लेकिन सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए सम्राट चौधरी का नाम प्रमुखता से चर्चा में है। ऐसे में कहा जा रहा है, नीतीश कुमार 10 अप्रैल को राज्यसभा सांसद के रूप में विधिवत शपथ ग्रहण करने के बाद भी कुछ दिनों तक बिहार के मुख्यमंत्री पद पर बने रहेंगे। सूत्रों के मुताबिक, 14 अप्रैल को नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से स्वेच्छा से इस्तीफा दे देंगे। दिल्ली से लौटने के बाद, 13 अप्रैल को नीतीश कैबिनेट की अंतिम बैठक होने की चर्चा है, जिसके अगले दिन 14 अप्रैल को वे राज्यपाल को अपना त्यागपत्र सौंप सकते हैं। इसके बाद, 15 अप्रैल को नई सरकार के नए मुखिया और उनके मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह होने की संभावना है। नई सरकार की रूपरेखा अंतिम दौर में है, और कहा जा रहा है कि इसके गठन में नीतीश कुमार की इच्छा और योजनाओं को प्रमुखता दी जाएगी। दरअसल, एनडीए ने पिछले चुनाव में 25 से 30, फिर से नीतीश के नारे पर बहुमत प्राप्त किया था। नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की खबर होली के दौरान सामने आई थी, जब लोग रंगों में डूबे थे। इस खबर के बाद अगले ही दिन पटना में जेडीयू कार्यालय के बाहर बवाल मच गया था, जिससे पार्टी पर दबाव बढ़ा। इन वजहों से राज्यसभा की शपथ और मुख्यमंत्री पद से त्यागपत्र के बीच एक अंतर रखा गया है। लगातार यह संदेश दिया जा रहा है कि दिल्ली में रहकर भी नीतीश कुमार बिहार की सरकार का मार्गदर्शन करते रहेंगे। उनकी नीतियों और योजनाओं के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं की जाएगी, और बिहार में शासन नीतीश मॉडल पर ही चलाया जाएगा। सरकार गठन में भी नीतीश कुमार की इच्छा के अनुरूप सामाजिक संतुलन को बरकरार रखा जाएगा। हिदायत/ईएमएस 09अप्रैल26