गुमला(ईएमएस)।चैनपुर प्रखंड अंतर्गत रामपुर पंचायत के गांव इन दिनों हाथियों के कारण दहशत के साये में हैं। बुधवार और गुरुवार की रात एक जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। आधी रात को पहुंचे इस विशालकाय हाथी ने सरकारी स्कूल से लेकर ग्रामीणों के घरों और खेतों तक को अपना निशाना बना डाला। जिससे लोगों में भय और चिंता का माहौल व्याप्त है। सबसे ज्यादा नुकसान राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बुकमा में हुआ।जहां हाथी ने स्कूल भवन की दीवार तोड़ दी। मिड-डे मील के लिए रखे चावल और दाल को न केवल बर्बाद किया।बल्कि बड़ी मात्रा में खा भी गया।स्कूल के फर्नीचर, कुर्सी, टेबल समेत अन्य सामान को भी रौंदकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। हाथी का कहर यहीं नहीं थमा। दानपुर निवासी मेरी ग्रेस बेक के घर को उसने बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घरेलू सामान नष्ट हो गया।वहीं, अल्बिना कुजूर के खेत में लगी प्याज की फसल को रौंद दिया गया और बुकमा के परवीन भगत की तैयार फसलें भी पूरी तरह बर्बाद हो गयी। घटना की जानकारी मिलते ही जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा और चैनपुर पंचायत समिति सदस्य आशा लकड़ा मौके पर पहुंचीं। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर हालात का जायजा लिया और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। जनप्रतिनिधियों ने वन विभाग से तत्काल कार्रवाई करते हुए हाथी को इलाके से खदेड़ने और पीड़ितों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। इधर, वन विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। कर्मवीर सिंह/09अप्रैल/26