गुमला(ईएमएस)।जिले में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है। सदर थाना क्षेत्र के पण्डरिया गांव निवासी पिता पृथ्वी साहू और उनके पुत्र चंद्रदेश्वर साहू के साथ सिसई बाजार जाते समय हथियारबंद अपराधियों ने रंगदारी और लूट की बड़ी घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद से दोनों पिता-पुत्र दहशत में हैं और उन्होंने थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। मिली जानकारी के अनुसार, पृथ्वी साहू और उनके पुत्र चंद्रदेश्वर साहू अपने बैलों को बेचने के लिए सिसई बाजार जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे वीर कुमार साहू समेत करीब आधा दर्जन अपराधियों ने उन्हें रोक लिया। अपराधियों के पास राइफल के अलावा भुजाली और अन्य धारदार हथियार थे, जिसे देखकर दोनों पिता-पुत्र घबरा गए।अपराधियों ने पहले डेढ़ लाख रुपये की रंगदारी की मांग की और नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर अपराधियों ने दोनों की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वे और भी भयभीत हो गए। घटना के दौरान अपराधियों ने जबरन 50 हजार रुपये की मांग करते हुए तत्काल पैसे देने का दबाव बनाया। डर के कारण पीड़ितों ने किसी तरह 40 हजार रुपये मोबाइल के माध्यम से ट्रांसफर कर दिए। जानकारी के अनुसार, इस राशि में 26 हजार रुपये चंद्रदेश्वर साहू द्वारा और 14 हजार रुपये साकिर (अम्बवा निवासी) के माध्यम से डलवाए गए। इसके बावजूद अपराधियों का मन नहीं भरा और उन्होंने दोनों के बैल भी लूट लिए। घटना अहले सुबह करीब 3 बजे की बताई जा रही है, जिससे यह साफ है कि अपराधियों ने पूरी योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया। जाते-जाते अपराधियों ने फिर से जान से मारने की धमकी दी, जिससे पीड़ित काफी सहमे हुए हैं।घटना के बाद दोनों पिता-पुत्र ने संबंधित थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने अपने और अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। इस घटना से इलाके में भय का माहौल है और स्थानीय लोग पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। कर्मवीर सिंह/09अप्रैल/26