कराची,(ईएमएस)। भारत में आतंक फैलाने वाला पाकिस्तान ईरान जंग को लेकर इस कदर अपनी तारीफों के पुल बांधने में लगा है कि खुद को वैश्विक शांतिदूत बता रहा है। इतना ही नहीं पाकिस्तान की तरफ से अब एक नहीं बल्कि अपने तीन लोगों को शांति का नोबेल देने की मांग हो रही है। दरअसल, पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की विधानसभा में ऐसा प्रस्ताव पेश हुआ है, जिसमें प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और विदेश मंत्री इशाक डार को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामांकित करने की सिफारिश की गई है। यह प्रस्ताव पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के चीफ व्हिप राणा मोहम्मद अरशद द्वारा सदन में रखा गया। प्रस्ताव के पाठ के अनुसार, सदन ने देश के नेतृत्व की प्रभावी कूटनीति की सराहना की है। प्रस्ताव में बताया गया हैं कि इन नेताओं के प्रयासों ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता का मार्ग प्रशस्त किया है। प्रस्ताव में विशेष रूप से इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का उल्लेख है, जो वैश्विक शांति के लिए एक गंभीर खतरा बन गया था। असेंबली का मानना है कि पाकिस्तान के इन तीनों शीर्ष नेताओं ने इस अंतरराष्ट्रीय संकट को टालने और युद्धविराम कराने में प्रमुख भूमिका निभाई है। पंजाब असेंबली ने जोर देकर कहा कि पाकिस्तान ने शांतिप्रिय देश के रूप में अंतरराष्ट्रीय समुदाय के भीतर एक रचनात्मक, संतुलित और सकारात्मक भूमिका निभाई है। प्रस्ताव में सर्वसम्मति से मांग की गई है कि इन प्रयासों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता दी जाए और इनके लिए नोबेल शांति पुरस्कार हेतु औपचारिक नामांकन भेजा जाए। आशीष/ईएमएस 11 अप्रैल 2026