क्षेत्रीय
11-Apr-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। प्रदेश कांग्रेस ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा है कि छत्तीसगढ़ अवैध नशे और अपराध का केंद्र बनता जा रहा है। कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने भाजपा सरकार पर “कुशासन” का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में हत्या, लूट, डकैती, चाकूबाजी और गैंगवार जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ अपराधों में भी चिंताजनक वृद्धि हुई है। कांग्रेस ने दुर्ग में 5 वर्षीय बच्ची से दुराचार की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं समाज को झकझोर रही हैं। धनंजय सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया कि राजधानी रायपुर सहित कई इलाकों में कानून-व्यवस्था कमजोर पड़ गई है। उन्होंने तेलीबांधा और सेजबहार में हुई चाकूबाजी और आपराधिक घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि अपराधियों में पुलिस का डर खत्म हो चुका है। कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि आम नागरिकों के साथ-साथ पुलिस अधिकारियों के परिजन भी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर धमकी मिलने की घटनाओं का उल्लेख करते हुए प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार अपराध नियंत्रण और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रही है, जिससे प्रदेश में भय का माहौल बन रहा है। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/11 अप्रैल 2026