हाथरस (ईएमएस)। मुरसान क्षेत्र में इगलास मार्ग पर गांव रायख के निकट एक चलती कार में अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। कार में सवार दो युवकों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना की सूचना मिलते ही मुरसान पुलिस मौके पर पहुंच गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार सुमित पुत्र गौरी शंकर निवासी नूरपुर बरेली अपने मित्र आकाश पुत्र नरेश के साथ मुरसान क्षेत्र के गांव बरदवारी में अपनी बहन को लेने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक कार के इंजन से धुआं उठने लगा। युवकों ने गाड़ी रोककर जांच की, तो स्थिति सामान्य हो गई, लेकिन कुछ दूरी चलने के बाद फिर से धुआं उठने लगा।जब उन्होंने बोनट खोलकर देखा तो इंजन में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग चुकी थी। दोनों ने पानी और रेत डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती गई और कुछ ही देर में पूरी कार जलकर राख हो गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने फायर ब्रिगेड को भी बुलाया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह नष्ट हो चुका था। घटना के दौरान आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर एकत्र हो गए, जिससे मार्ग पर जाम जैसी स्थिति बन गई। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 11 अप्रैल 2026