क्षेत्रीय
11-Apr-2026


हाथरस (ईएमएस)। जनपद के सासनी-इगलास रोड एवं रुहेरी से रघनियां मार्ग पर संचालित टायर जलाकर तेल निकालने वाली फैक्ट्रियों से निकल रहा जहरीला धुआं क्षेत्र में गंभीर पर्यावरणीय संकट पैदा कर रहा है। इन इकाइयों से उत्सर्जित कालिख, कार्बन और विषैले तत्वों के कारण आसपास के गांवों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रदूषण के चलते सांस लेना तक मुश्किल हो गया है। खासकर बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं इससे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। लगातार फैल रहे इस धुएं के कारण दमा, श्वास संबंधी रोगों और अन्य गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ता जा रहा है।इस मामले को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष विवेक उपाध्याय ने प्रशासन एवं प्रदूषण नियंत्रण विभाग से तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो जनआंदोलन किया जाएगा।साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कराने की मांग भी उठाई गई है, ताकि लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा सके। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 11 अप्रैल 2026