राज्य
11-Apr-2026


भोपाल (ईएमएस) । वंदे मातरम विवाद पर शनिवार को मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मीडिया से बात करते हुए राष्ट्रगीत का अपमान करने वालों पर कार्रवाई के संकेत दिए। उन्होंने कहा कि जिस दल की मातृ संस्था ने 50 वर्षों तक अपने कार्यालयों में तिरंगा झंडा नहीं फहराया, वह भारतीय जनता पार्टी हमें राष्ट्रभक्ति का पाठ पढ़ा रही है। राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान कांग्रेस की आत्मा में बसे हैं। वंदे मातरम का नारा लगाकर कांग्रेस ने आजादी की लड़ाई लड़ी। देशभक्ति के लिए हमें भाजपा के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है। रुबीना इकबाल पर अनुशासन समिति करेगी कार्रवाई रुबीना इकबाल के मामले में जीतू पटवारी ने कहा कि यह मामला पार्टी की अनुशासन समिति के संज्ञान में है और जल्द ही इस पर निर्णय लिया जाएगा। राष्ट्रगान का सम्मान करना सभी देशवासियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगान गाना या न गाना निजी मामला हो सकता है, लेकिन उसके बारे में सार्वजनिक रूप से इनकार करना गलत है। कांग्रेस ने इसे गंभीरता से लिया है। 35 लोगों की मौत पर चुप्पी क्यों? वहीं, भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के हक की लड़ाई लड़ रही है। हम सदन में पूछना चाहते थे कि आठ हजार करोड़ के बजट के बावजूद दूषित पानी के कारण 35 लोगों की मौत हो गई, लेकिन इस पर सदन में जिम्मेदारों ने जवाब नहीं दिया। घोटालों के मामले में चुप्पी साध ली गई है और भ्रष्टाचार का कैंसर प्रदेश को जकड़ चुका है। जनता से जुड़े मुद्दों को दबाने के लिए भाजपा सांप्रदायिकता को हवा देती है। आखिर इन सवालों का जवाब कौन देगा। आशीष पाराशर/11अप्रैल2026