राज्य
11-Apr-2026
...


:: खेड़ापति आश्रम में महामंडलेश्वर राजगुरु जी की 72 घंटे की साधना जारी; कथा के चौथे दिन व्यास पीठ का हुआ भव्य पूजन :: इंदौर (ईएमएस)। तिल्लौर-शिवनगर मार्ग स्थित संकट मोचन हनुमंत मंदिर (खेड़ापति आश्रम) में जारी विराट हनुमंत मेला इन दिनों भक्ति और साधना के शिखर पर है। आश्रम में आस्था का ऐसा विराट स्वरूप दिखाई दे रहा है, जहां एक ओर तपोनिष्ठ संत महामंडलेश्वर श्रीश्री 1008 राजगुरु महाराज 72 घंटे की कठिन भू-समाधि में लीन हैं, वहीं दूसरी ओर श्रीमद् भागवत कथा की अमृत वर्षा श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर रही है। शनिवार को मेले के चौथे दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुँचकर धर्म लाभ लिया। कथा व्यास पं. विनोद शास्त्री ने धर्म, भक्ति और जीवन मूल्यों का संदेश देते हुए श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। आश्रम से जुड़े सुभाष पाटीदार और सरपंच अशोक जरिया ने बताया कि मेले के दौरान प्रतिदिन शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें क्षेत्रवासी उत्साह के साथ भागीदारी कर रहे हैं। समन्वयक बीडी तिवारी के अनुसार, महोत्सव के अंतर्गत अखंड हनुमान चालीसा पाठ और रुद्राभिषेक जैसे अनुष्ठान निरंतर जारी हैं। आगामी दिनों में अभिमंत्रित रुद्राक्ष वितरण और सर्व समाज निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन जैसे प्रमुख आयोजन होंगे, जो इस धार्मिक महोत्सव को और अधिक भव्य और सेवाभावी स्वरूप प्रदान करेंगे। श्रद्धालु परिक्रमा कर अपने जीवन को धन्य मान रहे हैं और पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का वातावरण बना हुआ है। कथा के दौरान विधायक सुश्री उषा ठाकुर, कंचन सिंह चौहान, रूपेश बाघमोड़े, गजेंद्र सिंह और ममता पवार सहित अनेक गणमान्य जनों ने व्यास पीठ का पूजन कर आशीर्वाद लिया। आरती और पूजन में अंतर सिंह दरबार, राकेश यादव, अनिल चौधरी, विजय पाटीदार, संतोष गौलाना, शेखर गौड़ और आशीष सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे आयोजन के दौरान एक ओर जहां भू-समाधि साधना श्रद्धा का केंद्र बनी हुई है, वहीं भागवत कथा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भक्ति, संस्कृति और समाज सेवा का अद्भुत संगम साकार होता दिखाई दे रहा है। प्रकाश/11 अप्रैल 2026