क्षेत्रीय
11-Apr-2026


बालाघाट (ईएमएस). जिले के हट्टा थाना क्षेत्र अंतर्गत सालेटेका में शनिवार दोपहर एक सडक़ हादसे में साइकिल सवार छात्रा घायल हो गई। डंपर की चपेट में आने से छात्रा को गंभीर चोटें आईं, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हट्टा थाना क्षेत्र के सालेटेका गांव में हट्टा रोड पर 11 अप्रैल की दोपहर एक दर्दनाक सडक़ हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार साइकिल से स्कूल से घर लौट रही एक छात्रा को तेज रफ्तार डंपर ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में घायल छात्रा की पहचान माधुरी पिता रविंद्र कटरे 16 वर्ष निवासी ग्राम दिगोधा के रूप में हुई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि हादसा अचानक हुआ, जिससे छात्रा को संभलने का मौका नहीं मिला। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और डंपर चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। भानेश साकुरे / 11 अप्रैल 2026