फिरोजाबाद(ईएमएस) जनपद में ज्योतिबा फुले जयंती के अवसर पर आयोजित सम्मेलन में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने शिरकत की और केंद्र व प्रदेश की बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में आरक्षण व्यवस्था को खत्म किया जा रहा है और बच्चों को पढ़ाई से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को भी परीक्षा देनी पड़ रही है और बड़ी संख्या में कॉन्ट्रैक्ट पर नियुक्तियां की जा रही हैं, जिनमें आरक्षण का कोई प्रावधान नहीं है। उन्होंने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि न्याय की बात तो होती है, लेकिन कहीं सुनवाई नहीं होती। खुलेआम गोलियां चल रही हैं और एनकाउंटर हो रहे हैं। उनका आरोप था कि कई जगहों पर नए अधिकारियों द्वारा कार्रवाई के नाम पर लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। रामगोपाल यादव ने कहा कि उनकी सरकार बनने पर ऐसे मामलों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने वादा किया कि गांवों में बंजर जमीन पर बने मकानों को मालिकाना हक दिया जाएगा। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि आने वाली सरकार आपके बच्चों के भविष्य को तय करेगी। अगर बदलाव नहीं हुआ तो बच्चों का भविष्य प्रभावित होगा, और यदि परिवर्तन हुआ तो 2029 में दिल्ली की सत्ता भी बदल सकती है। उन्होंने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी सरकार को घेरते हुए कहा कि जितना भ्रष्टाचार इस सरकार में हुआ है, उतना पहले कभी नहीं देखा गया। इस मौके पर समाजवादी पार्टी द्वारा “पीडीए पाठशाला” का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में अक्षय यादव, बाबू कुशवाह सहित अन्य सपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। ईएमएस