क्षेत्रीय
11-Apr-2026
...


फिरोजाबाद(ईएमएस) जिले के सिरसागंज नगर में पैगू रोड स्थित एक प्राइवेट पार्किंग में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पार्किंग में खड़ी तीन कारें व दो बाइक जलकर पूरी तरह राख हो गईं। बताया जा रहा है कि पार्किंग में बड़ी संख्या में वाहन खड़े थे। इसी दौरान एक कोने में पड़े गत्ते में अचानक आग लग गई, जिसने तेजी से फैलते हुए आसपास खड़े वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता देख मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और बड़ी घटना होने से टाल दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि जनपद में कई प्राइवेट पार्किंग बिना मानकों के संचालित हो रही हैं, जिससे इस तरह के हादसों का खतरा लगातार बना रहता है। प्रशासन से ऐसी अवैध पार्किंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। ईएमएस