* नामांकन के आखिरी दिन विपक्ष नदारद, दक्षिण गुजरात और सौराष्ट्र में भाजपा का दबदबा बरकरार अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात में स्थानीय निकाय चुनाव प्रक्रिया के बीच भाजपा ने मतदान से पहले ही कई जिलों में शानदार बढ़त बना ली है। नामांकन पत्र भरने के अंतिम दिन तक राज्यभर में भाजपा की 47 से अधिक सीटें निर्विरोध घोषित हो चुकी हैं। खास बात यह है कि आखिरी दिन ही 25 सीटों पर विपक्षी उम्मीदवार न होने से भाजपा उम्मीदवारों की जीत तय हो गई, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। दक्षिण गुजरात और सौराष्ट्र क्षेत्र में भाजपा का प्रदर्शन खास तौर पर मजबूत रहा। नवसारी जिला पंचायत और तालुका पंचायत की कुल 9 सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की है, जबकि वलसाड तालुका पंचायत की 5 सीटें निर्विरोध रही हैं। तापी में 4 सीटों पर भाजपा का कब्जा हुआ है। खेड़ा जिले में भी भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नगर पालिका और तालुका पंचायत की कुल 11 सीटों पर जीत हासिल की। महेसाणा जिले के कड़ी नगर पालिका में 36 में से 22 सीटें बिन विरोध जीतकर बीजेपी ने सत्ता पर कब्जा कर लिया है। अन्य जिलों की बात करें तो कच्छ में 2 सीटें, जबकि भरूच और पंचमहल में 1-1 सीट पर भाजपा उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं। ठासरा और महेमदाबाद नगर पालिकाओं में भी कई सीटों पर भाजपा को बिना मुकाबले जीत मिली है। नवसारी और वलसाड जैसे जिलों में कांग्रेस के लिए उम्मीदवार खड़े करना भी मुश्किल साबित हुआ। कई महत्वपूर्ण सीटों पर विपक्ष का कोई उम्मीदवार मैदान में नहीं उतरा, जिससे भाजपा का रास्ता और आसान हो गया। कच्छ के नखत्राणा नगर पालिका के वार्ड 4 और 5 में भाजपा ने जीत दर्ज की, जबकि पाटन जिले की शंखेश्वर तालुका पंचायत सीट पर भी भाजपा उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए। बनासकांठा और व्यारा में भी पार्टी को बिना मुकाबले सफलता मिली है। कुल मिलाकर, मतदान से पहले ही 47 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज कर भाजपा ने विपक्ष के खिलाफ मनोवैज्ञानिक बढ़त हासिल कर ली है, जो आगामी चुनावी मुकाबलों के लिए अहम संकेत मानी जा रही है। सतीश/11 अप्रैल