क्षेत्रीय
11-Apr-2026
...


बालाघाट (ईएमएस). नगर के भटेरा चौकी क्षेत्र में ओवरब्रिज निर्माण को लेकर मुआवजा वितरण में भारी विसंगतियों का मामला सामने आया है। शनिवार को क्षेत्रीय विधायक अनुभा मुंजारे ने मौके पर पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं, जहां रहवासियों ने मुआवजे में भेदभाव और नियमों की अनदेखी के गंभीर आरोप लगाए। भटेरा चौकी क्षेत्र के निर्माणाधीन आरओबी के चलते प्रभावित हो रहे दुकानदारों और मकान मालिकों ने मुआवजा वितरण में अनियमितताओं को लेकर नाराजगी जताई है। शनिवार को क्षेत्रीय विधायक अनुभा मुंजारे ने क्षेत्र का दौरा कर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं जानीं। इस दौरान रहवासियों ने बताया कि एक ही नगरपालिका क्षेत्र में आने वाले वार्डों के बीच मुआवजा राशि में भारी अंतर किया जा रहा है। वार्ड क्रमांक 11 में जहां मुआवजा दर लगभग 1100 रुपये निर्धारित की गई है, वहीं वार्ड क्रमांक 2, 10 और 11 के कुछ हिस्सों में 2200 रुपये की दर तय कर दी गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सभी वार्ड आपस में जुड़े हुए हैं, नगर पालिका क्षेत्र में आते हैं और सभी टैक्स भी नगर पालिका को ही देते हैं, इसके बावजूद मुआवजा दरों में यह भेदभाव समझ से परे है। रहवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि जो नोटिस उन्हें दिए गए हैं, उनमें मुआवजा राशि का स्पष्ट विवरण नहीं है। यह नहीं बताया गया कि किस मद में कितना भुगतान किया जा रहा है। साथ ही कमर्शियल जमीन का मुआवजा भी आवासीय दरों के अनुसार दिया जा रहा है, जो नियमों के विपरीत है। मामले को लेकर लोगों में आक्रोश है और उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग की है कि मुआवजा वितरण पूरी पारदर्शिता और नियमों के तहत किया जाए तथा सभी प्रभावितों को एक समान दर पर उचित मुआवजा दिया जाए। विधायक अनुभा मुंजारे ने रहवासियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि इस मुद्दे पर कलेक्टर से चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुआवजा वितरण में हो रही विसंगतियों को दूर कर सभी प्रभावितों को न्याय दिलाने का प्रयास किया जाएगा। भानेश साकुरे / 11 अप्रैल 2026