क्षेत्रीय
11-Apr-2026
...


बालाघाट (ईएमएस). जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत जिले के समस्त विद्यालयों में 8 से 14 अप्रैल तक डॉ. भीमराव आंबेडकर एवं संत रविदास जयंती उत्सव उत्साहपूर्वक मनाई जा रही है। सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग शकुंतला डामोर ने बताया कि विद्यार्थियों में सामाजिक समरसता, समानता एवं प्रेरणा के भाव विकसित करने के उद्देश्य से विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। उत्सव के अंतर्गत डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवन एवं विचारों से विद्यार्थियों को परिचित कराया जा रहा है। इसी क्रम में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय बैहर के विद्यार्थियों ने डॉ. आंबेडकर के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को दर्शाती आकर्षक पेंटिंग्स तैयार कीं, जिससे छात्रों की रचनात्मक प्रतिभा भी सामने आई। वहीं संत रविदास जयंती के अवसर पर माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर, परसवाड़ा में चित्रकला, नृत्य एवं नाटिका का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से छात्राओं ने संत रविदास के जीवन, उनके संदेश एवं समाज में समरसता की भावना को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को डॉ. आंबेडकर एवं संत रविदास के आदर्शों—समानता, शिक्षा, भाईचारा एवं सामाजिक न्याय के महत्व से अवगत कराया गया। भानेश साकुरे / 11 अप्रैल 2026