बालाघाट (ईएमएस). हैनिमेन जयंती और विश्व होम्योपैथी दिवस के अवसर पर आयुष विभाग बालाघाट द्वारा जिले में होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति के प्रचार-प्रसार हेतु विभिन्न चिकित्सा शिविरों एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह दिवस होम्योपैथी के जनक डॉ. सैमुअल हैनीमैन की जयंती के रूप में मनाया जाता है। कार्यक्रम के तहत आम नागरिकों को नि:शुल्क होम्योपैथिक परामर्श, औषधि वितरण, स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यकता अनुसार रक्त जांच की सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। चिकित्सकों ने इस अवसर पर होम्योपैथी के मूल सिद्धांत समरूपता का सिद्धांत की जानकारी देते हुए इसे सुरक्षित, सरल और प्रभावी उपचार पद्धति बताया। जिला चिकित्सालय परिसर स्थित शासकीय होम्योपैथी औषधालय (आयुष विंग) में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष भारती ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर पार्षद समीर जायसवाल, सिविल सर्जन डॉ. निलय जैन, जिला आयुष अधिकारी डॉ. मिलिंद चौधरी, प्राचार्य वासंती मंडलेकर, समाजसेवी ज्ञानचंद चोपड़ा सहित डॉ. दीपाली चौके, डॉ. खुशबू मेश्राम, डॉ. सिंधु ठावरे, डॉ. हर्षा अजीत एवं आयुष विंग के पैरामेडिकल स्टाफ, महिला एवं बाल विकास विभाग की नेहा ठाकुर तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इसी क्रम में जिले के अन्य होम्योपैथिक औषधालयों—लांजी, कुम्हारी, परसवाड़ा, बैहर एवं महेंदीवाड़ा में भी स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए, जहां आमजन को निशुल्क परामर्श, औषधि वितरण एवं स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर होम्योपैथी के प्रति जागरूक किया गया। भानेश साकुरे / 11 अप्रैल 2026