क्षेत्रीय
11-Apr-2026
...


सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान बालाघाट (ईएमएस). जिले के ग्राम बोलेगांव स्थित सांदीपनि शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में अज्ञात बदमाशों द्वारा की गई तोडफ़ोड़ की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। रात के समय स्कूल में घुसकर कक्षा में लगे स्मार्ट टीवी/स्मार्ट बोर्ड को नुकसान पहुंचाया गया। बोलेगांव में स्थित सांदीपनि शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (माध्यमिक विभाग, कैंपस-2) में 9 अप्रैल की रात अज्ञात व्यक्तियों द्वारा तोडफ़ोड़ की गई है। जानकारी के अनुसार बदमाश रात के अंधेरे में स्कूल परिसर में घुसे और कक्षा 8 वीं को निशाना बनाते हुए वहां लगे स्मार्ट टीवी/स्मार्ट बोर्ड को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके अलावा कक्षा की एक खिडक़ी का पल्ला भी गायब पाया गया, जिससे चोरी की आशंका भी जताई जा रही है। घटना का खुलासा तब हुआ जब 10 अप्रैल की सुबह करीब 10 बजे शिक्षक, विद्यार्थी और अन्य स्टाफ स्कूल पहुंचे। कक्षा की स्थिति देखकर सभी हैरान रह गए और तुरंत इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी गई। इस घटना से न केवल शैक्षणिक कार्य प्रभावित हुआ है, बल्कि सरकारी संपत्ति को भी भारी नुकसान पहुंचा है। विद्यालय प्रबंधन ने मामले की शिकायत पुलिस में करने की बात कही है। स्थानीय लोगों ने इस घटना पर चिंता जताते हुए स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। भानेश साकुरे / 11 अप्रैल 2026