पटना, (ईएमएस)। बिहार की राजनीति में इन दिनों नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इस बीच शिवराज सिंह चौहान को भाजपा ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। पार्टी महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी पत्र के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल और बढ़ गई है। भारतीय जनता पार्टी अब बिहार में अपने नेतृत्व को लेकर रणनीति के अंतिम चरण में पहुंचती दिख रही है। संसदीय बोर्ड द्वारा जारी सूची के अनुसार, विधायक दल के नेता के चुनाव की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस कड़ी में शिवराज सिंह चौहान की नियुक्ति को बेहद अहम माना जा रहा है। आपको बता दें कि राजनीतिक प्रक्रिया में केंद्रीय पर्यवेक्षक की भूमिका निर्णायक होती है। पर्यवेक्षक विधायकों से अलग-अलग मुलाकात कर उनकी राय लेते हैं, सहमति बनाने की कोशिश करते हैं और फिर नेतृत्व के नाम को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हैं। ऐसे में यह पद केवल औपचारिक नहीं, बल्कि बेहद प्रभावशाली माना जाता है। बहरहाल शिवराज सिंह चौहान की नियुक्ति को बिहार की राजनीति में एक महत्वपूर्ण संकेत के रूप में देखा जा रहा है। क्योंकि शिवराज सिंह चौहान जैसे अनुभवी नेता को यह जिम्मेदारी सौंपना इस बात का संकेत है कि पार्टी बिहार में नेतृत्व को लेकर गंभीर और संतुलित निर्णय लेना चाहती है। इससे यह भी स्पष्ट होता है कि भाजपा किसी भी तरह की जल्दबाजी से बचते हुए सर्वसम्मति से नेता का चयन करना चाहती है। अब सभी की निगाहें भाजपा विधायक दल की बैठक पर टिकी हैं। बैठक की तारीख और उसमें लिए जाने वाले फैसले को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। यह देखना अहम होगा कि किस नाम पर सहमति बनती है और क्या बिहार में नेतृत्व परिवर्तन होता है या नहीं। संतोष झा-१२ अप्रैल/२०२६/ईएमएस