लखनऊ (ईएमएस)। सऊदी से दुबई जाने वाली फ्लाइट रद्द होने के कारण लखनऊ एयरपोर्ट पर एक विमान से 54 यात्रियों को उतार दिया गया। यह सभी यात्री दुबई की यात्रा पर जा रहे थे। सऊदी एयरलाइंस की जेद्दा जाने वाली विमान संख्या एसवी 893 के यात्रियों को लखनऊ एयरपोर्ट पर विमान से उतारा गया। सूत्रों ने बताया कि देर रात विमान में दुबई जाने के लिए 54 यात्री सवार हुए थे, लेकिन उन्हें एयरपोर्ट पर ही उतार दिया गया। एयरपोर्ट से जुड़े सूत्रों ने बताया कि सऊदी से दुबई जाने वाली फ्लाइट रद्द होने के कारण यात्रियों को विमान से उतारा गया। यही नहीं, रिफंड संबंधित जानकारी न मिलने से यात्री निराश नजर आए। इससे पहले, लखनऊ एयरपोर्ट पर दुबई से काठमांडू जा रही एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, विमान में ईंधन कम होने के कारण यह आपात फैसला लिया गया था। जानकारी के अनुसार, फ्लाई दुबई की फ्लाइट संख्या एफजेड 1133 ने शाम 8:22 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग की। इस विमान में कुल 154 यात्री सवार थे। सुबोध/१२ -०४-२०२६