कोलकाता (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को पश्चिम बंगाल के पूर्व मिदनापुर जिले की नंदकुमार विधानसभा क्षेत्र में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि जो लोग ‘वंदे मातरम’ का विरोध करते हैं, उन्हें देश छोड़ देना चाहिए। उन्होंने कहा, उत्तर प्रदेश की धरती से, भगवान राम, महादेव और कृष्ण की पवित्र भूमि से, मैं उस भूमि पर आया हूं, जहां राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान है। जो लोग ‘वंदे मातरम’ का विरोध करते हैं, उन्हें देश छोड़ देना चाहिए। सीएम योगी ने कहा कि वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने पर प्रधानमंत्री मोदी ने संसद का विशेष सत्र बुलाया था। हमने भी उत्तर प्रदेश विधानसभा में विशेष सत्र का आयोजन किया था। जिस बंगाल से बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की अमर और कालजयी कृति ‘आनंदमठ’ के गीत ने भारत के अंदर आजादी का बिगुल फूंका था, उसी वंदे मातरम के विषय में बंगाल की विधानसभा में ममता दीदी ने कोई चर्चा नहीं करवाई। उन्हें भय था कि उनका वोट बैंक वंदे मातरम का विरोध करता है। उन्होंने कहा कि मैं कहता हूं, भारत की धरती पर जो कोई वंदे मातरम गाने में परहेज करता है, उसे भारत की धरती छोड़कर वहां जाना चाहिए, जहां उसके लिए स्थान हो। यह तो राष्ट्र वंदना का गीत है, हर भारतवासी को गाना चाहिए। अगर कोई वंदे मातरम का विरोध करता है, तो फिर भारत उसे स्वीकार नहीं कर सकता है। सुबोध/१२ -०४-२०२६