राष्ट्रीय
12-Apr-2026


कोलकाता (ईएमएस)। तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव जीतने के बाद केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार को सत्ता से हटाया जाएगा। बांकुरा जिले के ओंडा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, हम बंगाल को जीतेंगे और दिल्ली से भाजपा सरकार को हटा देंगे। यही हमारा संकल्प है। बंगाली नववर्ष आने वाला है। बैशाख के पहले दिन, हम भाजपा को विदा करने का संकल्प लेंगे। इस दौरान सीएम ममता ने तृणमूल कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा, हमने 1 करोड़ 30 लाख पक्के मकान बनाए हैं। इस बार हमारा संकल्प है कि भविष्य में, जितने भी कच्चे मकान हैं, उन सभी को हम पक्का बनाएंगे ताकि लोगों को रहने के लिए एक आसरा मिल सके। पानी के नल सभी घरों तक पहुंचेंगे। वे (भाजपा) चाहे कितना भी प्रचार कर लें और झूठ बोल लें, हमारी उपलब्धियां लोगों के सामने हैं। टीएमसी प्रमुख ने यह भी कहा कि भाजपा चुनाव से पहले लोगों से किए गए वादों को पूरा करने में नाकाम रहती है। उन्होंने कहा कि हम जब भी कोई वादा करते हैं, तो उसे निभाते हैं। और वे धोखा देते हैं। वे चुनावों से पहले हर जगह जाते हैं और पैसे देने का वादा करते हैं। लेकिन चुनावों के नतीजे घोषित होने के बाद, वे कहीं नजर नहीं आते। सुबोध/१२ -०४-२०२६