राष्ट्रीय
12-Apr-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा है कि महिला आरक्षण की पहल सबसे पहले कांग्रेस के कार्यकाल में की गई थी, लेकिन मौजूदा सरकार इसे राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल कर रही है। अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि राजीव गांधी ने सबसे पहले देश में जिला परिषद और जिला पंचायत स्तर पर महिलाओं के लिए आरक्षण की सुविधा मुहैया कराई थी। एक टीवी चैनल को साक्षात्कार में कांग्रेस नेता ने कहा कि यूपीए सरकार के कार्यकाल के दौरान कांग्रेस ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की थी कि महिला आरक्षण विधेयकों को पारित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि सरकार को महिला आरक्षण कानून लागू करने के लिए 2029 तक इंतजार नहीं करना चाहिए। हालांकि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस की इस मांग को स्वीकार नहीं किया। अब विधानसभा चुनावों के बीच सरकार इन बिलों को पारित करना चाहती है। कांग्रेस सांसद ने कहा कि आने वाले समय में पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव होने हैं। खासतौर पर पश्चिम बंगाल में महिलाओं की भूमिका और प्रभाव काफी मजबूत रहता है। यही वजह है कि सरकार पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले महिला आरक्षण बिलों को पारित करना चाहती है। सुबोध/१२ -०४-२०२६