क्षेत्रीय
12-Apr-2026
...


कृषि महाविद्यालय में धान संबंधी शोध कार्यों का किया निरीक्षण बालाघाट (ईएमएस). कृषि महाविद्यालय बालाघाट के मुरझड़ फार्म में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धान अनुसंधान को नई दिशा देने वाले महत्वपूर्ण शोध कार्यों के निरीक्षण एवं तकनीकी मार्गदर्शन हेतु अंतरराष्ट्रीय धान अनुसंधान संस्थान मनीला (फिलीपींस) के प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. जौहर अली का आगमन हुआ। यह दौरा मध्यप्रदेश शासन की पहल पर जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय और अंतरराष्ट्रीय धान अनुसंधान संस्थान मनीला (फिलीपींस) के बीच हुए समझौते के अंतर्गत चल रहे संयुक्त शोध कार्यों की समीक्षा के उद्देश्य से किया गया। इस दौरान धान फसल में भविष्य उन्मुख सुधार के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर कार्य किया जा रहा है, जिसमें बौनी (ड्वार्फ) प्रजातियों का विकास, चावल में जिंक एवं आयरन जैसे पोषक तत्वों की मात्रा बढ़ाना, प्रतिकूल जलवायु परिस्थितियों में भी बेहतर उत्पादन देने वाली किस्मों का विकास तथा दो-लाइन थर्मोसेंसिटिव जेनेटिक मेल स्टेरिलिटी तकनीक के माध्यम से उन्नत शंकर बीज उत्पादन शामिल है। इन प्रयासों का उद्देश्य किसानों को कम लागत पर उच्च गुणवत्ता वाले बीज उपलब्ध कराना है। कृषि महाविद्यालय मुरझड़ में प्रोजेक्ट प्रभारी डॉ. उत्तम बिसेन के निर्देशन में इन शोध परीक्षणों का प्रक्षेत्र स्तर पर संचालन किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान डॉ. जौहर अली के साथ जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय, जबलपुर से डॉ. संजय सिंह एवं डॉ. शिव रामा भी उपस्थित रहे, जिन्होंने शोध कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए आवश्यक तकनीकी सुझाव प्रदान किए। महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. घनश्याम देशमुख ने अतिथियों को संस्थान में संचालित अनुसंधान, शिक्षा एवं प्रसार गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। इस भ्रमण से धान अनुसंधान को नई गति मिलने की उम्मीद व्यक्त की गई, जिससे क्षेत्र के किसानों को उन्नत तकनीकों एवं बेहतर उत्पादन का लाभ प्राप्त होगा। भानेश साकुरे / 12 अप्रैल 2026