क्षेत्रीय
12-Apr-2026
...


बालाघाट (ईएमएस). प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय जटाशंकर त्रिवेदी स्नातकोत्तर महाविद्यालय बालाघाट में शनिवार को वर्चुअल कक्ष में नारी वंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार मराठे के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. मराठे ने कहा कि नारी की भूमिका समाज के हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण है। नारी के बिना समाज की उन्नति, प्रगति और निरंतरता की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रही हैं, ऐसे में समाज में नारी का सम्मान करना हम सभी का कर्तव्य है। आईक्यूएसी प्रभारी डॉ. सीमा श्रीवास्तव ने कहा कि जहां नारी का सम्मान होता है, वहीं ईश्वर का वास होता है। वर्तमान समय में महिलाएं घर और बाहर दोनों जगह अपनी जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन कर रही हैं, जो समाज के लिए प्रेरणादायक है। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि किरण सुनेरी ने नारी वंदन को महत्वपूर्ण विषय बताते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में प्राचीन काल से ही नारियों को उच्च स्थान दिया गया है। उन्होंने कहा कि नारी में सृजन की अद्भुत शक्ति होती है और इतिहास में भी महिलाओं का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने महिलाओं को आत्मसशक्त बनने और अपनी पहचान स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। द्वितीय वक्ता ओमेश्वरी एडे ने गायत्री मंत्र का उच्चारण कराते हुए नारी को परिवार की धुरी और बच्चों की प्रथम गुरु बताया। उन्होंने कहा कि नारी में पृथ्वी के समान सहनशीलता होती है, जो उसे विशेष बनाती है। कार्यक्रम में संयोजक डॉ. कंचन मसराम, सह संयोजक डॉ. प्रतिमा बिसेन, डॉ. योगेश विजयवार, डॉ. रचना कोरी, डॉ. आशा गोहे, प्रो. अनिल हनवत, प्रो. पुष्पलता कमलेशिया, प्रो. साजिया तबस्सुम, डॉ. मिथलेश्वरी घोरमारे, डॉ. ताराचंद बडघैया, प्राशु गौतम सहित बड़ी संख्या में महाविद्यालय के कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रतिमा बिसेन द्वारा किया गया, जबकि आभार प्रदर्शन डॉ. कंचन मसराम ने व्यक्त किया। भानेश साकुरे / 12 अप्रैल 2026