बालाघाट (ईएमएस). जिले के कृषि विभाग द्वारा किसानों को बेहतर खेती के लिए प्रोत्साहित करने एवं फसलों की स्थिति का जायजा लेने के उद्देश्य से निरंतर मैदानी निरीक्षण किए जा रहे हैं। इसी क्रम में उप संचालक कृषि फूलसिंह मालवीय एवं सहायक संचालक राजेश खोबरागड़े ने शनिवार को बालाघाट विकासखंड के ग्राम नाहरवानी का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कृषक चितरंजन घरडे के खेत पहुंचकर उड़द एवं तिल की फसल का अवलोकन किया। उन्होंने फसलों की वृद्धि, पौधों की स्थिति एवं खेत प्रबंधन की जानकारी लेते हुए किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों के बारे में विस्तार से समझाया। अधिकारियों ने किसानों को सलाह दी कि वे समय-समय पर फसल की निगरानी करें तथा कीट एवं रोग नियंत्रण के लिए वैज्ञानिक पद्धतियों का उपयोग करें। इसके पश्चात उन्होंने कृषक राजेश फाये के खेत का भी निरीक्षण किया, जहां कुसुम फसल की स्थिति का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने कुसुम फसल की देखरेख, सिंचाई प्रबंधन एवं उत्पादन बढ़ाने के उपायों पर किसानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। दौरे के दौरान सिंचाई सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने खेत में चल रहे ट्यूबवेल खनन कार्य का अवलोकन करते हुए कहा कि सिंचाई के समुचित साधन होने से फसल उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि संभव है। उन्होंने किसानों को जल संरक्षण एवं कुशल सिंचाई तकनीकों को अपनाने की सलाह दी। अधिकारियों ने किसानों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और उनके निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग किसानों के साथ खड़ा है और उन्हें हर संभव तकनीकी मार्गदर्शन एवं सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इस अवसर पर क्षेत्र के अन्य किसान भी उपस्थित रहे और उन्होंने कृषि अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की। भानेश साकुरे / 12 अप्रैल 2026