क्षेत्रीय
12-Apr-2026
...


बालाघाट (ईएमएस). क्षेत्र के ग्राम धनसुआ में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति धनसुआ द्वारा ग्रामीण महिलाओं के साथ कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान गांव का पानी गांव में और जल है तो कल है जैसे जागरूकता नारों के साथ पूरे गांव में भ्रमण कर लोगों को जल संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया। भीषण गर्मी को देखते हुए ग्राम के समीप स्थित घीसर्री नदी में जल स्तर बनाए रखने के उद्देश्य से श्रमदान एवं जन सहयोग से 185 बोरियों का बोरी बंधान कार्य किया गया। इस पहल से जल संग्रहण को बढ़ावा देने और भू-जल स्तर सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों ने जल संरक्षण का संकल्प लेते हुए भविष्य में भी जल बचाने और जल स्रोतों के संरक्षण हेतु सामूहिक प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिला समन्वयक सुशील बर्मन द्वारा ग्रामीण महिलाओं एवं नागरिकों के साथ जल संरक्षण विषय पर जल चौपाल आयोजित की गई। चौपाल में पूर्व सरपंच राजेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि समय के साथ जलस्तर लगातार घटता जा रहा है, ऐसे में जल को रोकना और संरक्षित करना अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सरपंच नीलिमा धुर्वे, पूर्व सरपंच राजेंद्र सिंह ठाकुर, सामाजिक कार्यकर्ता विनय गोयल, युवा मोटिवेटर अजय ठाकुर, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति की अध्यक्ष देवी लता ब्रम्हे, सचिव किरण पाचे सहित समिति के सदस्यगण एवं नवांकुर वसुंधरा ग्राम सेवा समिति पाथरवाड़ा के पदाधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही सीएम सीएलडीपी के छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन कार्यक्रम में शामिल हुए। भानेश साकुरे / 12 अप्रैल 2026