व्यापार
13-Apr-2026
...


- सेंसेक्स 1500 अंक टूटा, निफ्टी 23600 के नीचे फिसला मुंबई (ईएमएस)। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को भारतीय शेयर बाजार भारी गिरावट के साथ खुले। वैश्विक संकेतों की कमजोरी और बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव ने निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया, जिससे बाजार में शुरुआती कारोबार में ही तेज बिकवाली देखने को मिली। एशियाई बाजारों में गिरावट और अमेरिका–ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर भारतीय शेयर बाजार पर साफ नजर आया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा ईरान को दी गई नई चेतावनी के बाद निवेशकों में चिंता बढ़ गई, जिसका सीधा असर बाजार की चाल पर पड़ा। तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स करीब 75,937 के स्तर पर खुला, जबकि पिछले सत्र में यह 77,550 पर बंद हुआ था। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बढ़ गया और सुबह 9:24 बजे तक सेंसेक्स 1,598 अंक गिरकर 75,951 के आसपास ट्रेड करता नजर आया। इसी तरह ‎निफ्टी50 भी 2 फीसदी से अधिक की गिरावट के साथ 23,589 के स्तर पर खुला। सुबह के कारोबार में यह करीब 461 अंक टूटकर 23,589 के आसपास बना रहा। बाजार की इस गिरावट में दिग्गज कंपनियों के शेयरों का सबसे बड़ा योगदान रहा। ‎रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक जैसे हैवीवेट शेयरों में तेज बिकवाली देखने को मिली, जिससे इंडेक्स पर दबाव और बढ़ गया। इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी ने भी निवेशकों की चिंता बढ़ाई है। महंगे क्रूड से रुपये पर दबाव पड़ता है और कंपनियों की लागत बढ़ती है, जिसका असर बाजार पर पड़ता है। विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक वैश्विक तनाव और कमोडिटी कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा, तब तक बाजार में अस्थिरता बनी रह सकती है। सतीश मोरे/13अप्रेल ---