मुंबई (ईएमएस)। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले सोमवार को भारतीय रुपया 63 पैसे टूटकर 93.36 पर बंद हुआ। इससे पहले आज सुबह रुपया 55 पैसे की गिरावट के साथ 93.28 पर खुला, जिससे पिछले दो हफ्तों की मजबूती का रुख पलट गया। रुपये में आज तेज गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार के बंद स्तर 92.73 के मुकाबले रुपया 55 पैसे टूटकर 93.28 पर पहुंच गया। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार इस गिरावट की मुख्य वजह वैश्विक स्तर पर बढ़ती अनिश्चितता और कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड आयल जून डिलीवरी के लिए करीब 7 फीसदी बढ़कर 102 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया। इससे भारत जैसे आयातक देशों पर दबाव बढ़ा है। अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में बढ़ोतरी और डॉलर की मजबूती ने भी रुपये को कमजोर किया। विश्लेषकों का मानना है कि जब तक मध्यपूर्व में हालात स्थिर नहीं होते, रुपये पर दबाव बना रह सकता है। ईएमएस 13 अप्रैल 2026