व्यापार
13-Apr-2026
...


सेंसेक्स 702.68 , निफ्टी 207 अंक गिरा मुंबई (ईएमएस) । भारतीय शेयर बाजार सोमवार को गिरावट पर बंद हुआ। सप्ताह के पहले ही कारोबारी दिन बाजार में ये गिरावट मध्यपूर्व में ईरान और अमेरिका के बची बढ़ते तनाव के कारण दुनिया भर के बाजारों से मिलने वाले कमजोर संकेतों के साथ ही बिकवाली हावी रहने से आई है। दिन भर के कारोबार के बाद 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 702.68 अंक टूटकर 76,847.57 पर बंद हुआ। वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 207.95 अंक नीचे आकर 23,842.65 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं व्यापक बाजारों की बात करें तो मिडकैप 100 इंडेक्स में 0.57 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.46 फीसदी की गिरावट रही है। निफ्टी ऑटो, निफ्टी एफएमसीजी के साथ ही निफ्टी आईटी में गिरावट रही है। इसके अलावा निफ्टी पीएसयू बैंक , निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज और निफ्टी मीडिया में निफ्टी फार्मा में भी गिरावट रही। मारुति सुजुकी, बजाज फाइनेंस, रिलायंस, इंडिगो, जियो फाइनेंशियल सर्विसेज, एचडीएफसी बैंक, टीसीएस के शेयरों में सबसे ज्यादा 5-2 फीसदी तक की गिरावट दर्ज की गई, जबकि एचडीएफसी लाइफ, अदाणी इंटरप्राइजेज, आईसीआईसीआई बैंक, एनटीपीसी, टीएमपीवी, कोल इंडिया और ओएनजीसी के शेयरों में बढ़त रही। बाजार जानकारों के अनुसार अमेरिका-ईरान के बीच बातचीत टूटने और कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी से भी बाजार नीचे आया है। निवेशकों को संघर्ष तेज होने की आशंका है जिससे वे बाजार से दूर हुए हैं। ऐसे में सभी क्षेत्रों में अस्थिरता से दबाव बढ़ता जा रहा है जिससे बाजार गिरा है। इससे पहले आज सुबह बाजार भारी गिरावट के साथ खुले। आज सुबह बीएसई सेंसेक्स करीब 75,937 के स्तर पर खुला। सुबह सेंसेक्स 1,598 अंक गिरकर 75,951 के आसपास कारोबार करता नजर आया। इसी तरह ‎निफ्टी भी 2 फीसदी से अधिक की गिरावट के साथ 23,589 के स्तर पर खुला। सुबह के कारोबार में यह करीब 461 अंक टूटकर 23,589 के आसपास बना रहा। वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी ने भी निवेशकों की चिंता बढ़ाई है। जिससे भी बाजार पर दबाव आया है। ईएमएस 13 अप्रैल 2026