राज्य
13-Apr-2026


गुरुग्राम,(ईएमएस)। घर की दीवार की ग्रिल से साड़ी का झूला बनाकर घूम रही किशोरी का गला अचानक फंस गया। साड़ी से गला दबने से किशोरी की मौत हो गई। यह घटना सेक्टर-9 थाना क्षेत्र के देवीलाल कॉलोनी में रविवार शाम को घटी। 13 साल की किशोरी अपनी दो छोटी बहनों के साथ घर में खेल रही थी। इसी दौरान यह हादसा हुआ। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक किशोरी रानी कुमारी अपनी दो छोटी बहनों के साथ दीवार की ग्रिल में मां की साड़ी डालकर उससे लटककर गोल-गोल झूल रही थी। झूलते समय साड़ी उसकी गर्दन में लिपट गई, उसे पता नहीं चला। वह घबराहट में हाथ पैर फेंकने लगी। परिवार के लोगों ने देखा और उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोरी के पिता सुरेश सिंह ने बताया कि वह मूल रूप से सीतामढ़ी जिले के रहने वाले हैं और कई सालों से देवीलाल कॉलोनी में किराए से रहकर ट्रेलरिंग का काम करते हैं। उनकी तीन बेटियां हैं। रविवार शाम तीनों घर में खेल रही थीं। वह और उनकी पत्नी भी घर में ही मौजूद थी, लेकिन यह सब कैसे हुआ उन्हें कुछ भी पता नहीं। बेटी की मौत पर परिवार में मातम छा गया है। सिराज/ईएमएस 13अप्रैल26