फिरोजाबाद(ईएमएस) जनपद के थाना नगला सिंघी क्षेत्र के गांव गढ़ी भाऊ में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने खेत में एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ देखा। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। मृतक की पहचान रविंद्र के रूप में हुई है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा था, लेकिन परिजनों ने इसे सिरे से खारिज करते हुए हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि यह सुनियोजित हत्या है, जिसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है। शव उतारने से किया इनकार घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम को उस समय भारी विरोध का सामना करना पड़ा, जब परिजनों ने शव को पेड़ से नीचे उतारने से साफ इनकार कर दिया। परिजनों की मांग है कि जब तक कथित आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक शव नहीं उतारा जाएगा। पत्नी, प्रेमी पर आरोप परिजनों ने मृतक की पत्नी, उसके कथित प्रेमी और पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि रविन्द्र की पत्नी प्रेमी के साथ चली गयी थी। इन्ही लोगों ने यह हत्या की है। जांच में जुटी पुलिस पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है और सभी आरोपों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है। ईएमएस