मुरैना ( ईएमएस ) | पशु सहायक शल्य पशु चिकित्सालय कन्हार में पदस्थ पशु सहायक शल्य चिकित्सक डॉ. दीपक तिवारी को कर्तव्य के प्रति लापरवाही एवं अनियमितताओं के चलते तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार डॉ. दीपक तिवारी नियमित रूप से अपने कार्यस्थल पर उपस्थित नहीं हो रहे थे। इस संबंध में उप संचालक पशुपालन डॉ. बी.के. शर्मा द्वारा उन्हें कई बार स्मरण पत्र जारी किए गए, किंतु उनके कार्य व्यवहार में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। इसके अतिरिक्त जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि डॉ. तिवारी द्वारा 22 अगस्त 2025 से 20 नवम्बर 2025 तक मेडिकल अवकाश पर रहने की जानकारी दी गई, जबकि प्रस्तुत सिकनेस सर्टिफिकेट में केवल 15 दिवस के अवकाश की ही अनुशंसा की गई थी। उपरोक्त तथ्यों को गंभीरता से लेते हुए उप संचालक पशुपालन द्वारा कलेक्टर को अवगत कराया गया। कलेक्टर के प्रतिवेदन के आधार पर प्रभारी आयुक्त, चंबल संभाग एवं कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ द्वारा डॉ. दीपक तिवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान डॉ. तिवारी का मुख्यालय उप संचालक, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, मुरैना निर्धारित किया गया है तथा इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता रहेगी।