क्षेत्रीय
13-Apr-2026
...


मण्डला (ईएमएस)। नारायणगंज - मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा जल संरक्षण को लेकर चलाए जा रहे “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत विकासखंड नारायणगंज में जन जागरूकता रैली निकालकर लोगों को जल बचाने का संदेश दिया गया। इस अभियान के माध्यम से परिषद ने “जल शक्ति से नवभक्ति, शुद्ध जल–स्वच्छ जल” का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया। रैली के दौरान आम नागरिकों, राहगीरों और यात्रियों को पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ जल के सदुपयोग के प्रति जागरूक किया गया। उपस्थित जनसमुदाय से अपील की गई कि वे पानी की एक-एक बूंद की महत्ता समझें और प्यासे पशु-पक्षियों को भी पानी उपलब्ध कराएं। इस अभियान के तहत विकासखंड नारायणगंज के विभिन्न ग्रामों में पहले भी कई कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं और निरंतर किए जा रहे हैं। जल सेवा समागम कार्यक्रम के अंतर्गत कलश यात्रा, आरती-पूजन, घाट सफाई और मानस पाठ जैसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन भी किए जा रहे हैं, जिससे लोगों में जल संरक्षण के प्रति भावनात्मक जुड़ाव बढ़े। कार्यक्रम जिला समन्वयक राजेंद्र चौधरी एवं विकासखंड समन्वयक संतोष कुमार झारिया के निर्देशन में आयोजित हो रहा है। इसमें ग्रामवासी, जनप्रतिनिधि, प्रस्फुटन समिति, नवांकुर संस्थाएं तथा सीएमसीएलडीपी के छात्र-छात्राओं और परामर्शदाताओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है। इस अवसर पर सुरेश कुमार सोनी, राकेश कुमार अग्रवाल, वीरेंद्र कुमार अग्रवाल, सुमित हथाले, कुमारी इंद्रा उईके सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ईएमएस / 13/04/2026