क्षेत्रीय
13-Apr-2026
...


मुंगेली(ईएमएस। जिले में अवैध रेत खनन पर कार्रवाई करने गई वन विभाग की टीम पर रेत माफियाओं ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में दो वनकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य कर्मचारियों को भी चोटें आई हैं। घटना 10 अप्रैल 2026 की रात खुड़िया वन परिक्षेत्र के भुक्खुनाला क्षेत्र की है। वन विभाग के अनुसार, सरगढ़ी परिसर में तैनात टीम को अवैध रेत उत्खनन की सूचना मिली थी, जिसके बाद वन रक्षक अभिषेक बर्मन, योगेश बरेठ, देवेंद्र बघेल और अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे। यहां उन्हें एक ट्रैक्टर अवैध रेत के साथ मिला, जिसे जब्त करते हुए चालक राजकुमार यादव को पकड़ लिया गया। इसके बाद टीम आगे बढ़ी तो कुछ वाहन अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। वन अमले ने एक और ट्रैक्टर को पकड़ा और लौटने लगे, तभी भुक्खुनाला के पास अचानक बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। पहले बहस हुई और फिर देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया। आरोपियों ने वनकर्मियों को घेरकर लाठी-डंडों और हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। इतना ही नहीं, कुछ समय के लिए टीम को बंधक भी बना लिया गया और जान से मारने की धमकियां दी गईं। हमले में वन रक्षक अभिषेक बर्मन के सिर, माथे और सीने में गंभीर चोटें आईं, जबकि योगेश बरेठ के हाथ, पैर, गर्दन और आंख के पास गहरी चोटें दर्ज की गईं। अन्य कर्मचारियों को भी चोटें आई हैं। स्थिति बिगड़ने पर स्थानीय ग्रामीणों, जिनमें सरपंच चंदर तिलगाम और नरेश तिलगाम शामिल थे, ने बीच-बचाव कर वनकर्मियों को छुड़ाया। घायलों को लोरमी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद अभिषेक बर्मन को गंभीर हालत में बिलासपुर रेफर किया गया। घटना के बाद कलेक्टर कुंदन कुमार और डीएफओ अभिनव कुमार के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)13 अप्रैल 2026