राज्य
13-Apr-2026


भोपाल/ग्वालियर(ईएमएस)। ग्वालियर में भोपाल की 21 साल की बीएससी छात्रा के साथ पहचान छिपाकर दुष्कर्म किये जाने का मामला सामने आया है। छात्रा का आरोप है, कि एक युवक ने पहले खुद को हिंदू बताकर उससे दोस्ती की, बाद में अपनी उससे नजदीकियां बढ़ाते हुए प्रेम जाल में फंसा लिया। मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित छात्रा मूल रूप से एमपी के पांढुर्णा जिले की रहने वाली है, और भोपाल के अशोका गार्डन इलाके में रहकर बीएससी की पढ़ाई कर रही है। करीब एक साल पहले उसकी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर सदेव शूटर नाम की आईडी से एक युवक से बात शुरू हुई। युवक ने अपनी पहचान छिपाते हुए खुद को हिंदू बताया। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और फोन पर बातचीत होने लगी। बाद में युवक ने अपनी असली पहचान बताते हुए कहा की उसका नाम शादाब अली है, और वह मुस्लिम है, और उससे शादी करना चाहता है। इसके बाद भी छात्रा ने उससे संपर्क बनाए रखा। आरोपी युवक के बुलाने पर छात्रा 4 मार्च 2025 को ग्वालियर पहुंची। यहां उसे गिरवाई इलाके के एक होटल में ठहराया, जहां वह करीब सात दिन तक रही। आरोप है कि इस दौरान युवक ने उसके साथ कई बार जबरन शारीरिक संबंध बनाए। ग्वालियर से लौटने के चार दिन बाद युवक ने छात्रा को फोन कर बताया कि वह परेशानी में है, और उसे तुरंत 50 हजार रुपए की जरूरत है। इस पर छात्रा ने अपने कान के बाले बेचकर उसे पैसे दे दिए। इसके बाद आरोपी भोपाल आ गया और अशोका गार्डन इलाके में छात्रा के साथ लिव-इन में रहने लगा। दोनों करीब तीन महीने तक साथ रहे। इस दौरान आरोपी ने शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। जब छात्रा तीन महीने की गर्भवती हो गई और शादाब से शादी की बात कही, तो उसने हिंदू धर्म छोड़कर मुस्लिम धर्म अपनाने को कहा। छात्रा ने जब उसका विरोध किया तब आरोपी ने उसके साथ मारपीट कर की पैसे लौटाने से भी इनकार कर दिया। परेशान पीड़िता ने भोपाल के अशोका गार्डन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। घटना ग्वालियर के गिरवाई क्षेत्र की होने के कारण केस डायरी वहां भेजी गई। अब गिरवाई थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरु कर दी है। जुनेद / 13 अप्रैल