भोपाल(ईएमएस)। बैरसिया पुलिस ने एक दुकानदार की शिकायत पर उसके करीब दोस्त के खिलाफ अमानत में खयानत का प्रकरण दर्ज किया है। आरोप है कि करीब सात साल पहले फरियादी ने 18 लाख रुपए की नई कार फायनेंस करा कर खरीदी थी। जिस दिन नई कार की पूजा हो रही थी, उसके दोस्त ने राउंड लगाने के लिए कार मांग ली। इसके बाद आरोपी ने न तो किश्त जमा की और न ही कार लौटा रहा है। जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक-12 नरसिंहगढ़ रोड बैरसिया निवासी मनोज कुशवाह (32) की बिल्डिंग मटेरियल की दुकान है। साल 2019 में उन्होंने नई कार फायनेंस कराकर खरीदी थी। नई कार घर आने पर पूजा की जा रही थी। मौके पर उनका दोस्त दिनेश कशवाह निवासी ग्राम कचनारिया भी मौजूद था। उसे कार बहुत पसंद आई। पूजा होने पर दिनेश ने राउंड मारने के लिए मनोज से कार मांग ली। मनोज ने उसे कार दे दी। लेकिन उसके बाद दिनेश वापस नहीं लौटा। फोन पर उसने कहा कि उसे कार पसंद आ गई है। वह कार अपने पास रखेगा और समय पर किश्त जमा करता रहेगा। करीबी दोस्त होने के कारण मनोज राजी हो गया। उसके बाद भी दोनों एक-दूसरे से मिलते रहे। लेकिन आरोपी दिनेश ने कार की किश्त जमा नहीं की। किश्त जमा नहीं होने पर मनोज कुशवाह के पास से बैंक के नोटिस आने लगे। मनोज ने दिनेश को किश्त जमा करने के लिए कहा। फरियादी ने यह भी कहा कि अगर किश्त जमा नहीं कर रहे तो कार लौटा दो। लेकिन दिनेश टाल-मटौल करता रहा। काफी समय बीत जाने पर जब फरियादी के पास कुर्की का नोटिस आया तब उसने बैरसिया थाने में लिखित शिकायती आवेदन दिया था। जुनेद / 13 अप्रैल