14-Apr-2026
...


- कोषाध्यक्ष पद पर फिर चुने गए अमरनाथ कौशिक - नूतन सिंह की रणनीति रही कारगर कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिला अधिवक्ता संघ के प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव के परिणाम मतगणना पूर्ण होने के बाद घोषित हो गए हैं। इस चुनावी दंगल में निवर्तमान गणेश कुलदीप ने एक बार पुनः अपनी लोकप्रियता साबित करते हुए अध्यक्ष पद पर विजय प्राप्त की है। वहीं, नगर निगम सभापति और निवर्तमान सचिव नूतन सिंह ठाकुर की बिसात और कुशल रणनीति इस चुनाव में जीत का मुख्य आधार बनकर उभरने की चर्चा रही। - चतुष्कोणीय मुकाबले में दिखा उत्साह चुनाव में मुख्य मुकाबला चतुष्कोणीय रहा, जिसमें गणेश कुलदीप ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी और पूर्व अध्यक्ष संजय जायसवाल को पीछे छोड़ दिया। इस चुनाव की सबसे बड़ी चर्चा शिव नारायण सोनी रहे, जिन्होंने अपने पहले ही चुनाव में तीसरे स्थान पर रहकर दमदार उपस्थिति दर्ज कराई। अध्यक्ष पद के चौथे प्रत्याशी राकेश दुबे रहे। कानूनी हलकों में शिव नारायण को भविष्य के एक उभरते हुए मजबूत नेतृत्व के रूप में इस चुनाव के बाद देखा जा रहा है। नई कार्यकारिणी में अनुभवी और युवा चेहरों का संतुलन देखने को मिला है। जिसके अंतर्गत उपाध्यक्ष रवि शर्मा, सचिव सुनील यादव, महिला उपाध्यक्ष उर्मिला भगत, सहसचिव रवि भगत, महिला सहसचिव माधुरी बोरई, कोषाध्यक्ष अमरनाथ कौशिक, ग्रंथालय सचिव क्रांति श्रीवास, चुने गए हैं। कार्यकारिणी सदस्य की नई टीम में शिव साहू, श्रवण थवाईत, करम प्रजापति, स्वप्निल शर्मा और वरुण राही को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। - निर्विरोध चुने गए पदाधिकारी उल्लेखनीय हैं की संघ के कुछ पदों पर पहले ही निर्विरोध निर्वाचन संपन्न हो चुका था, जिनमें क्रीड़ा सचिव हरिशंकर श्रीवास, महिला क्रीड़ा सचिव सावित्री धांधी, महिला कार्यकारिणी यमुना मानिकपुरी एवं सुनिता पिल्ले शामिल हैं। चुनाव परिणाम आने के बाद विजयी उम्मीदवारों को बधाईयों देने का तांता लग गया। अधिवक्ता संघ की तीसरी बार बागडोर संभालने जा रहे गणेश कुलदीप ने प्रत्यक्ष परोक्ष सहयोग देने वाले सभी का आभार जताते हुए कहा है कि उनके लिए संघ के प्रत्येक सदस्य के अधिकारों की रक्षा करना परम दायित्व है और वे उनकी सुविधा,विकास के लिए प्रतिबद्ध हो कर कार्य करने संकल्पित है। - 14 अप्रैल / मित्तल