- बीएसई और एनएसई में सभी सेगमेंट बंद, कमोडिटी बाजार में आंशिक कारोबार मुंबई (ईएमएस)। डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर मंगलवार 14 अप्रैल को देश के प्रमुख शेयर बाजारों में कारोबार पूरी तरह बंद रहा। निवेशक अब 15 अप्रैल से सामान्य ट्रेडिंग फिर शुरू कर सकेंगे, जबकि कमोडिटी बाजार में आंशिक गतिविधि देखने को मिलेगी। डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के चलते बाम्बे स्टाक एक्सचेंज (बीएसई) और नेशनल स्टाक एक्सचेंज (एनएसई) पर मंगलवार को किसी भी सेगमेंट में ट्रेडिंग नहीं हुई। इक्विटी, इक्विटी डेरिवेटिव्स, करेंसी डेरिवेटिव्स, सिक्योरिटीज लेंडिंग एंड बॉरोइंग और इंटरेस्ट रेट डेरिवेटिव्स सभी में पूरे दिन कारोबार बंद रहा। कमोडिटी बाजारों में स्थिति थोड़ी अलग रही। मल्टी कमोटिडी एक्सचेंज आफ इंडिया में सुबह का सत्र बंद रहा, लेकिन शाम 5 बजे के बाद ट्रेडिंग शुरू होगी। वहीं नेशनल कमोटिडी एंड डेरीवेटेव्स एक्सेंज पूरे दिन के लिए बंद है। शेयर बाजार अब 15 अप्रैल से सामान्य समय पर खुलेगा। नियमित दिनों में बाजार सुबह 9:15 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक खुला रहता है, जबकि 9:00 से 9:15 बजे तक प्री-ओपन सेशन होता है। इससे पहले 13 अप्रैल को बाजार में गिरावट दर्ज की गई थी। वैश्विक संकेतों के दबाव में सेंसेक्स 703 अंक गिरकर 76,847 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 208 अंक टूटकर 23,842 पर आ गया। अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत में प्रगति न होने से निवेशकों की धारणा कमजोर पड़ी। मई से दिसंबर के बीच कई अहम त्योहारों और अवसरों पर बाजार में कारोबार नहीं होगा। खास तौर पर बकरीद, मुहर्रम, दिवाली और क्रिसमस जैसे मौकों पर ट्रेडिंग पूरी तरह बंद रहेगी। साल भर शेयर बाजार के अवकाश इस प्रकार हैं- 1 मई शुक्रवार महाराष्ट्र दिवस, 28 मई गुरुवार बकरीद, 26 जून शुक्रवार मुहर्रम, 14 सितंबर सोमवार गणेश चतुर्थी, 2 अक्टूबर शुक्रवार महात्मा गांधी जयंती, 20 अक्टूब मंगलवार दशहरा, 10 नवंबर मंगलवार दिवाली- बलिप्रतिपदा, 24 नवंबर मंगलवार गुरु नानक जयंती और 25 दिसबंर को क्रिसमस के अवसर पर शेयर बाजार में कारोबार नही होगा। सतीश मोरे/14अप्रेल ---