रायगढ़(ईएमएस)। जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना बड़े गुमड़ा गांव की है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। मिली जानकारी के अनुसार, बड़े गुमड़ा निवासी सरोज चक्रवर्ती (27) शाम घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों को उसकी तलाश थी, इसी बीच सुबह महुआ बिनने गए ग्रामीणों ने अमरैया क्षेत्र में एक आम के पेड़ पर उसका शव फंदे से लटका देखा। बताया जा रहा है कि युवक ने गमछे के सहारे पेड़ पर फांसी लगाई थी। शव को पेड़ से लटका देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर घरघोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)14 अप्रैल 2026