रायगढ़(ईएमएस)। जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल में हाथियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे वन विभाग की चिंता और ग्रामीणों की सतर्कता दोनों बढ़ गई है। ताजा स्थिति के मुताबिक जिले में अब कुल 123 हाथियों की मौजूदगी दर्ज की गई है। इसी बीच छाल रेंज में 35 हाथियों का एक बड़ा दल देखे जाने से इलाके में हलचल मच गई है। जानकारी के अनुसार,छाल वन परिक्षेत्र के बोजिया परिसर स्थित पेलमबांध के पास इस दल को देखा गया। इस समूह में 3 नर, 25 मादा और 7 शावक शामिल हैं। जंगल से निकलकर गांव और सड़कों के आसपास विचरण करते इस दल का वीडियो ग्रामीणों ने बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। हाथियों की सक्रियता को देखते हुए हाथी मित्र दल और वन विभाग की टीमें लगातार निगरानी में जुटी हुई हैं। बोजिया से औरानारा मार्ग, गड़ाईनबहरी और सिंघीझाप क्षेत्र में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी गई है। बताया जा रहा है कि यह दल घरघोड़ा क्षेत्र से छाल रेंज की ओर पहुंचा है। एक वीडियो में यह भी देखा गया कि सड़क पर आए हाथियों को हाथी मित्र दल के सदस्य ने आवाज देकर सुरक्षित जंगल की ओर लौटा दिया। इससे पहले भी इस तरह के प्रयासों से मानव-हाथी टकराव को टाला जा चुका है। वन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, धरमजयगढ़ वन मंडल में 120 और रायगढ़ रेंज में 3 हाथी मौजूद हैं। रेंजवार स्थिति देखें तो छाल रेंज में सबसे ज्यादा 59, धरमजयगढ़ रेंज में 48 और लैलूंगा रेंज में 13 हाथी हैं। कुल संख्या में 36 नर, 62 मादा और 26 शावक शामिल हैं। वन विभाग ड्रोन और जमीनी टीमों के जरिए लगातार निगरानी कर रहा है। छाल रेंज अधिकारी राजेश चौहान ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है और ग्रामीणों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। सत्यप्रकाश(ईएमएस)14 अप्रैल 2026