धमतरी(ईएमएस)। जिले में भीषण गर्मी और सूखे की मार से धमतरी शहर के प्रमुख तालाबों का पानी तेजी से सूख रहा है। सबसे चिंताजनक स्थिति रामसागर तालाब की है, जो शहर के बीचों-बीच स्थित है और पूरे इलाके का प्राकृतिक वाटर टैंक का काम करता है। तालाब सूखने से आसपास के कई वार्डों में भूमिगत जलस्तर गिर गया है और हैंडपंप व बोरिंग बंद होने लगे हैं। नगर निगम प्रशासन ने रामसागर तालाब समेत सभी प्रमुख तालाबों में निस्तारी (नहर) का पानी भरने के लिए जल संसाधन विभाग को पत्र लिखा था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। तालाबों में पानी नहीं भरा जा सका है, जिससे स्थिति दिन-प्रतिदिन बिगड़ती जा रही है। इन इलाकों पर पड़ रहा है सीधा असर बनियापारा,पोस्ट ऑफिस वार्ड,रामसागर पारा,रिसाईपारा,अंबेडकर वार्ड ये सभी क्षेत्र रामसागर तालाब पर निर्भर हैं। तालाब में पानी रहने से भूमिगत जलस्तर बना रहता था, लेकिन अब सूखे की वजह से हैंडपंपों और बोरों में पानी आना बंद हो गया है। गर्मी के इस मौसम में आम लोगों को पानी की तंगी का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम ने जल संसाधन विभाग से तालाबों को तुरंत निस्तारी पानी से भरने की मांग की है, लेकिन अभी तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। स्थानीय लोग प्रशासन से जल्द से जल्द कार्रवाई की अपील कर रहे हैं, ताकि तालाब सूखने से पहले स्थिति को संभाला जा सके। सत्यप्रकाश(ईएमएस)14 अप्रैल 2026