राष्ट्रीय
17-Apr-2026


गाजियाबाद,(ईएमएस)। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रेवलर ने सड़क किनारे खड़े थार और बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है और जांच शुरु कर दी है। जानकारी के लिए बता दें हादसा सुबह करीब 6:30 बजे हुआ। एक तेज रफ्तार ट्रेवलर दिल्ली से मेरठ की ओर में जा रही थी। विजय नगर में एग्जिट प्वाइंट के पास एक थार कार खड़ी थी। थार सवार दो युवक नीचे उतरकर एक बाइक सवार से किसी बात पर चर्चा कर रहे थे। तभी पीछे से आ रही बेकाबू ट्रेवलर ने तीनों को अपनी चपेट में ले लिया जिससे उनकी मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि थार और बाइक के परखच्चे उड़ गए। दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था जिसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। गाजियाबाद पुलिस ने ट्रेवलर के चालक को हिरासत में ले लिया है और वाहन को जब्त कर लिया है। फिलहाल मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या ड्राइवर को झपकी आई थी या यह ओवरस्पीडिंग का मामला है। सिराज/ईएमएस 17अप्रैल26