संभल,(ईएमएस)। यूपी के संभल में एक बार फिर प्रशासन का बुलडोजर चला। जिले के मुबारकपुर बंद में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर बनाए गए मदरसे और मस्जिद पर बुलडोजर की कार्रवाई हुई। शुक्रवार सुबह मुबारकपुर बंद इलाके में प्रशासन ने अवैध निर्माण हटाने का अभियान तेज कर दिया है। नायब तहसीलदार और भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में कार्रवाई शुरू हुई। बुलडोजर ने मदरसे को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। जानकारी के मुताबिक करीब 30 साल पहले यहां सरकारी जमीन पर बिना किसी अनुमति के मदरसा बना लिया था। जब कोई रोक-टोक नहीं हुई तो बाद में 90 फीट ऊंची मीनार वाली मस्जिद बना ली और उसे ‘मदरसे वाली मस्जिद’ नाम दे दिया। तहसीलदार कोर्ट के आदेश के आधार पर यह पूरी प्रक्रिया चला रही है। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भारी पुलिस बल की तैनाती के कारण मौके पर शांति बनी हुई है। यह कार्रवाई संभल जिले में अवैध कब्जों के खिलाफ चल रहे अभियान का हिस्सा बताई जा रही है। पूरा मामला अब तहसील स्तर पर निगरानी में है। गौरतलब है कि संभल जिला प्रशासन लगातार अवैध कब्जे पर बुलडोजर की कार्रवाई कर रहा है। जिलाधिकारी ने खुद कहा है कि जिले में किसी भी अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सिराज/ईएमएस 17अप्रैल26