- तीन मासूमों की मौत - देवगढ़ बारिया के वडभेट गांव में दर्दनाक हादसा; पारिवारिक विवाद की आशंका, पुलिस जांच में जुटी दाहोद (ईएमएस)| जिले के वडभेट गांव से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। देवगढ़ बारिया तालुका के वडभेट गांव में एक महिला ने कथित रूप से अपने चार बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगा दी। इस हादसे में तीन मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक बच्ची और मां को बचा लिया गया है। मृतकों की पहचान 12 वर्षीय प्रियांका, 5 वर्षीय गिरिराज और 2 वर्षीय राजवीर के रूप में हुई है। वहीं, मां चंपाबेन और उनकी एक अन्य बेटी सविता को स्थानीय लोगों की मदद से कुएं से बाहर निकाला गया। दोनों को गंभीर हालत में देवगढ़ बारिया सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों के लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद सभी पांचों को कुएं से बाहर निकाला गया। हालांकि तब तक तीन बच्चों की जान जा चुकी थी। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। प्रारंभिक जांच में इस कदम के पीछे पारिवारिक विवाद को कारण माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आत्महत्या के पीछे के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इसके पीछे कोई अन्य वजह भी थी। एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है, और स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं। सतीश/17 अप्रैल