हथियार लेकर घुसे 5 डकैतों ने मैनेजर को पीटा, फायरिंग की सिंगरौली (ईएमएस) ।मप्र के सिंगरौली में दिनदहाड़े बैंक डकैती का मामला सामने आया है। यहां बैढऩ स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में शुक्रवार दोपहर 5 हथियारबंद बदमाश घुसे। फायरिंग कर करीब 9-10 किलो सोना और 20 लाख कैश लेकर भाग गए। सोने की कीमत करीब 15 करोड़ आंकी गई है। घटना शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे की है। जानकारी के मुताबिक, लूटा गया सोना ग्राहकों का था, जिसे बैंक ने गिरवी रखकर लोन जारी किया था। सोना एक ही लॉकर में रखा गया था, जिसे बदमाशों ने निशाना बनाया। आरोपी पिट्ठू बैग के साथ एक बड़ा कपड़े का थैला लेकर आए थे। उसी में सारा माल भरकर फरार हो गए। मैनेजर पर बट से किया हमला एसपी मनीष खत्री के अनुसार, बदमाशों ने बैंक मैनेजर से कैश की चाबियां और नकदी की जानकारी मांगी। जब मैनेजर ने आनाकानी की तो उनके साथ जमकर मारपीट की। बंदूक की बट से उनके सिर पर वार किया। करीब 15 मिनट तक बैंक के अंदर जमकर उत्पात मचाया। अंत में नकदी और जेवर से भरा थैला लेकर भाग गए। पुलिस ने की पूरे जिले की घेराबंदी वारदात की खबर मिलते ही सिंगरौली एसपी मनीष खत्री दलबल के साथ खुद मौके पर पहुंचे। शहर के सभी एग्जिट पॉइंट्स को सील कर दिया गया है। बैंक और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। एसपी ने बताया कि करीब 14.50 लाख रुपए कल के रखे थे। बाकी आज का उस समय तक का कलेक्शन था। इसके अलावा सोना-चांदी था। फिलहाल, कुल कितने का सामान ले गए हैं, इसका सटीक आकलन बताना मुश्किल है।