राज्य
17-Apr-2026
...


- डिजिटल सिस्टम से जमीनी कार्यकर्ताओं को सीधे नेतृत्व से जोड़ेगी बिहार कांग्रेस- राजेश राम पटना, (ईएमएस)। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से “सृजन साथी जनसंपर्क अभियान” नामक विशेष डिजिटल ड्राइव की शुरुआत की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य लक्ष्य पार्टी के नेतृत्व और सांगठनिक पदों को सीधे जमीनी कार्यकर्ताओं और आम जनता से जोड़ना है, ताकि संगठनात्मक ढांचा अधिक सशक्त और लोकतांत्रिक बन सके। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, सदाकत आश्रम पटना में शुक्रवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि इस अभियान के तहत इच्छुक लोग “सृजन साथी” के रूप में पंजीकरण कर कांग्रेस की विचारधारा और संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़ सकेंगे। सृजन साथी बनने के लिए आवेदक का बिहार का पंजीकृत मतदाता होना और उसकी आयु न्यूनतम 18 वर्ष होना अनिवार्य है। साथ ही आवेदक किसी अन्य राजनीतिक दल का सदस्य नहीं होना चाहिए तथा पार्टी के संविधान और विचारधारा में उसका पूर्ण विश्वास होना चाहिए। उन्होंने बताया कि पंजीकरण के लिए वैध वोटर आईडी और एक ताज़ा लाइव फोटो अनिवार्य होगा। इस जनसंपर्क अभियान के तहत 50 रूपये का शुल्क निर्धारित किया गया है, जिसकी वैधता सामान्यतः 5 वर्ष तक रहेगी। राजेश राम ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से पार्टी ने संगठनात्मक पदों के लिए भी स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित किए हैं। इसके तहत बिहार के सभी 53 सांगठनिक जिलों के जिला अध्यक्षों को अभियान की पूरी जिम्मेदारी दी गई है। प्रत्येक जिला अध्यक्ष को स्वयं 2,000 सृजन साथी बनाने होंगे और अपने जिले में ब्लॉक एवं प्रदेश स्तर के दावेदारों द्वारा तय लक्ष्यों की निगरानी करनी होगी। इसी प्रकार ब्लॉक अध्यक्ष पद के दावेदारों के लिए कम से कम 200 सृजन साथी बनाना अनिवार्य किया गया है। वहीं प्रदेश स्तर के पदों के लिए भी लक्ष्य तय किए गए हैं, जिनके अनुसार प्रदेश उपाध्यक्ष पद के दावेदार को 3,000 सृजन साथी बनाना, महासचिव पद के दावेदार को 2,000 सृजन साथी बनाना, प्रदेश सचिव के लिए 1000 सृजन साथी बनाना और जिला में पदाधिकारी बनने के लिए 200 सृजन साथी बनाना होगा। साथ ही इस अभियान में महिला, ओबीसी, इबीसी, अल्पसंख्यक, एससी, एसटी समेत दिव्यांग के लिए आरक्षण की व्यवस्था की गई हैं।प्रदेश कांग्रेस एवं अन्य सभी समितियों के सांगठनिक ढांचे में 50 प्रतिशत सदस्य 50 वर्ष से कम आयु के होंगे ताकि नए लोगों को,युवाओं को भरपूर मौका मिल सके। राजेश राम ने बताया कि सृजन साथी बनने के लिए इच्छुक लोगों को प्ले स्टोर से बीपीसीसी एप डाउनलोड कर उसके माध्यम से अपना रजिस्ट्रेशन करना होगा। इस ऐप के जरिए कार्यकर्ता और समर्थक सीधे संगठन से जुड़ सकेंगे तथा पार्टी की गतिविधियों, कार्यक्रमों और अभियानों की जानकारी समय-समय पर प्राप्त कर सकेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि “सृजन साथी जनसंपर्क अभियान” संगठन को डिजिटल रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं को सीधे नेतृत्व से जोड़ने का एक प्रभावी माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि इस पहल से कांग्रेस का सांगठनिक ढांचा और अधिक पारदर्शी, सक्रिय और जनआधारित बनेगा तथा पार्टी को जमीनी स्तर पर नई ऊर्जा मिलेगी। संवाददाता सम्मेलन में मीडिया चेयरमैन राजेश राठौड़, पार्टी के वरिष्ठ नेता असितनाथ तिवारी, बैद्यनाथ शर्मा, प्रेमचन्द्र सिंह एवं डॉ.अमन कुमार मौजूद थे। संतोष झा-१७ अप्रैल/२०२६/ईएमएस