ब्यावरा(ईएमएस)l विधानसभा के अंतर्गत आने वाले महत्वपूर्ण क्षेत्र सुठालिया में खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। यहां शीघ्र ही एक नवीन और आधुनिक खेल स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। इसी क्रम में प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग नारायण सिंह पंवार ने अधिकारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने कहा कि सुठालिया क्षेत्र में युवाओं की खेल प्रतिभा को निखारने के लिए एक बेहतर खेल अधोसंरचना की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। उन्होंने बताया कि परियोजना की प्रशासनिक प्रक्रिया तेजी से चल रही है और जल्द ही इसकी स्वीकृति प्राप्त होने की संभावना है। उन्होंने यह भी कहा कि आज का निरीक्षण इस उद्देश्य से किया गया है कि स्टेडियम के लिए उपयुक्त और मानकों के अनुरूप भूमि का चयन किया जा सके, ताकि भविष्य में यहां राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं विकसित की जा सकें। जहां भी भूमि सभी आवश्यक मापदंडों पर खरी उतरेगी, वहीं स्टेडियम का निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए अनेक ऐतिहासिक पहल की गई हैं। ‘खेलो इंडिया’ जैसे अभियान के माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को आगे लाने का कार्य हो रहा है। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में भी खेल अधोसंरचना को मजबूत करने, खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने और नई खेल सुविधाएं विकसित करने की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि सुठालिया में बनने वाला यह स्टेडियम न केवल स्थानीय युवाओं को खेल के बेहतर अवसर प्रदान करेगा, बल्कि क्षेत्र की पहचान को भी नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। यह स्टेडियम भविष्य में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं और आयोजनों का केंद्र बनेगा, जिससे क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी।-निखिल/ब्यावरा/17/4/2026